असानी तूफान : ओडिशा के तट से नहीं टकराएगा चक्रवात, लेकिन कई राज्यों में होगी भारी बारिश, जानिए कहां-कहां दिखेगा असर?

दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी से उठा चक्रवात तूफान ‘असानी’ अगले 24 घंटे में बड़ा रूप ले सकता है। मौसम विभाग ने इसका अनुमान लगाया है। इस दौरान ओडिशा, आंध्र प्रदेश, पश्चिम बंगाल में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, यह चक्रवात ओडिशा में स्थल भाग से नहीं टकराएगा। लेकिन कई राज्यों में इसका असर देखने को मिलेगा। तूफान का असर दक्षिण पूर्व और उससे सटे पूर्वी मध्य बंगाल की खाड़ी में, कार निकोबार (निकोबार द्वीप समूह) से लगभग 610 किमी उत्तर-पश्चिम में, पोर्ट ब्लेयर (अंडमान द्वीप समूह) से 500 किमी पश्चिम में, विशाखापत्तनम (आंध्र प्रदेश) से 810 किमी दक्षिण-पूर्व और पुरी (ओडिशा) से 880 किमी दक्षिण-दक्षिण पूर्व में देखने को मिलेगा।
पुरी से करीब 920 किलोमीटर की दूरी पर बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने रहने के दौरान असानी एक भीषण चक्रवाती तूफान में बदल जाएगा। यह सिस्टम 11 मई को चक्रवाती तूफान के रूप में गंजम और पुरी के बीच तट के सबसे करीब होगा।
इन राज्यों में भारी बारिश
10 मई : ओडिशा और आंध्र प्रदेश।
11 मई : आंध्र प्रदेश, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के समुद्री इलाकों में।
12 मई : ओडिशा और पश्चिम बंगाल।