झारखंड में मौसम कल से करवट लेगा। इस दौरान 40-50 किलोमीट प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। मौसम विभाग ने आंधी-पानी को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
झारखंड की राजधानी रांची समेत राज्य के कई इलाके में 22 और 23 मई को आंधी चलेगी। मेघ गर्जन के साथ वज्रपात भी होगा। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं भी चलेंगी। इसको लेकर मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से ऑरेज अलर्ट जारी किया गया है।
लोगों को सतर्क रहने की सलाह
मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जानकारी दी गई है कि झारखंड में कहीं-कहीं तेज हवा के बहाव के दौरान ठनका भी गिरने की आशंका है। वहीं, 24 मई के लिए 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा के बहाव और वज्रपात को लेकर येलो अलर्ट भी जारी कर दिया गया है।
दक्षिण-पूर्वी हिस्सों में बारिश के साथ वज्रपात हुआ
मौसम के इस तरह बदलते मिजाज को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। इधर, दोपहर बाद रांची और इसके दक्षिण-पूर्वी हिस्सों के कुछ जगहों पर हल्के से मध्यम दर्जे के बादलों की गर्जना और वज्रपात के साथ वर्षा भी हुई।