धनबाद :
धनबाद समेत पूरे राज्य में शनिवार को मानसून आ गया।मानसून के शानदार आगाज से लोगों को गर्मी से राहत मिली। इधर धनबाद क्लब भी पानी की फुहारों से सराबोर हो गया। इस क्लब के सदस्यों के लिए शनिवार की शाम खास रही। क्लब की नई कमेटी ने रेन डांस का आयोजन किया था। लंबे समय बाद धनबाद के किसी क्लब में रेन डांस का आयोजन हुआ है। इस आयोजन में पानी की फुहारों में क्लब के सदस्य देर रात तक नाचते-गाते दिखे। जैसे वे मानसून के आगमन का उत्सव मना रहे हैं। हर तरफ हंसी-खुशी और उल्लास का माहौल था। बच्चों से लेकर क्लब के युवा और वृद्ध तक आयोजन का मजा लेते देखे गए। रेन डांस के अलावा यहां कई अन्य कार्यक्रमों का आयोजन किया गया था, जिसका लोगों ने खूब लुत्फ उठाया।