एसएसपी के ड्राइवर ने प्रेम संबंध में की थी महिला सिपाही, उसकी मां व बेटी की हत्या, गिरफ्तार

 

जमशेदपुर:-
गोलमुरी पुलिस लाइन में महिला सिपाही सविता रानी हेंब्रम, उसकी बेटी गीता हेंब्रम और महिला सिपाही की मां की हत्या का पुलिस ने शनिवार को खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में हत्यारोपी सोनारी के कागल नगर रहने वाले रामचंद्र सिंह जामुदा को गिरफ्तार किया है। रामचंद्र सिंह जामुदा भी पुलिस विभाग में चालक आरक्षी है। रामचंद्र सिंह जामुदा एसएसपी का ड्राइवर था। बताते हैं कि महिला सिपाही से उसकी घनिष्ठता थी उसके फ्लैट में भी आना-जाना करता था। दोनों साथ में रहते भी थे। इधर बीच रामचंद्र सिंह को शक हो गया था कि महिला सिपाही का किसी अन्य युवक से भी संबंध है। इसी के चलते उसने युवक को रास्ते से हटाने का प्लान बनाया था। लेकिन घटना वाली रात उसकी महिला सिपाही से बहस हो गई और उसने महिला सिपाही की हत्या कर दी। शोर सुनकर बेटी आई तो उसे भी मार डाला। मां ने विरोध किया तो उसे भी मार डाला। प्रेस कॉन्फ्रेंस में एसएसपी प्रभात कुमार ने बताया कि गोलमुरी के फ्लैट में यह घटना आधी रात के करीब अंजाम दी गई थी। इसीलिए किसी को इसका पता नहीं चल सका।