
कतरास (धनबाद)। महुदा-कतरास फोरलेन पर लिलोरी पार्क के पास शनिवार रात करीब सवा दस बजे अज्ञात वाहन ने एक युवक को रौंद दिया। युवक सड़क के किनारे पैदल जा रहा था।
उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।कतरास थाने की पुलिस मृतक की शिनाख्त के प्रयास में लगी है। वहीं, घटना के बाद वाहन लेकर चालक भाग निकला। हादसे के बाद आसपास के लोग जुट गए। हालांकि, कोई उसे आमटांड़ तो कोई कतरास का बता रहा था मगर किसी को स्पष्ट नहीं था कि युवक का घर कहां है।
युवक की उम्र करीब तीस साल के आसपास है। उसके पहनावे से कयास लग रहे कि वह दिहाड़ी मजदूरी करता होगा। युवक ने नीले रंग की जींस और पीले रंग की बनियान पहन रखी है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कि राजगंज की ओर से महुदा की ओर जा रहे वाहन ने उसे रौंद दिया। वाहन की रफ्तार काफी तेज थी। युवक पैदल ही जा रहा। घटनास्थल पर जगह-जगह मांस बिखर गया। कुछ लोगों का यह भी कहना था कि महाशिवरात्रि का दिन है। संभव है कि रात किसी मंदिर में प्रसाद लेने गया हो।
वहीं, निरसा में एनएच टू पर बल्कर वाहन ने शनिवार को एक बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार पिता-पुत्री की मौत गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया। सड़क दुर्घटना से आक्रोशित लोगों ने धक्का मारने वाले बल्कर वाहन में तोड़फोड़ की और चालक की जमकर पिटाई कर दी। बल्कर वाहन एमपीएल की छाई ढुलाई का काम कर रहा था।
लोगों ने दोपहर करीब एक बजे पांड्रा मोड़ के पास एमपीएल की ट्रांसपोर्टिंग ठप कर दी। आक्रोशित लोगों की मांग है कि मृतकों के परिजनों को मुआवजा और घायल का इलाज का खर्च दिया जाए। वहीं, लोगों ने आरोपी चालक को पीटा और बाद में पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने चालक को गिरफ्तार कर लिया और मामले की जांच में जुट गई।